- 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम; हर व्यक्ति का सटीक आंकड़ा जुटाने पर जोर
लखनऊ, संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का शुभारम्भ किया। उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर, 2026 तक स्व-गणना और 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही प्रदेश के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी नियोजन किया जा सकेगा। उत्तर प्रदेश देश का सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। ऐसे में यहां जनगणना का विशेष महत्व है। अब तक प्रदेश की अनेक विकास योजनाएं जनगणना-2011 के आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती रही हैं। नई जनगणना से बदलती सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय परिस्थितियों की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सही आंकड़ों के अभाव में समाज के अनेक पात्र लोग सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के मुसहर समाज का उदाहरण देते हुए बताया कि अत्यंत गरीबी में जीवनयापन करने वाले कई परिवारों के पास राशन कार्ड और अन्य बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं। वर्ष 2017 में प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के बाद ऐसे परिवारों को चिह्नित कर योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए गए। सरकार ने उनके लिए अलग से योजना बनाकर उन्हें लाभान्वित किया।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सही पहचान करने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विश्वसनीय आंकड़ों से यह भी तय किया जा सकेगा कि किन क्षेत्रों में विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और दूसरी सुविधाओं की अधिक आवश्यकता है।
जनगणना के प्रथम चरण में मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इसके अंतर्गत धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा और अन्य जनसांख्यिकीय पहलुओं से जुड़े कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। अभियान को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक आमजन आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली पहचान संख्या सुरक्षित रखनी होगी, ताकि घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को इसे उपलब्ध कराया जा सके।
जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक शीतल वर्मा के अनुसार, प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण के लिए लगभग 5.63 लाख प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और प्रशिक्षण किया गया है। इस चरण में 4.78 लाख प्रगणक खंड निर्धारित किए गए हैं। प्रदेश के सभी 75 जनपदों, 18 मंडलों, नगरीय निकायों और एक लाख से अधिक राजस्व ग्रामों में जनगणना की जाएगी। जेलों, अनाथालयों, नारी निकेतनों, झुग्गी बस्तियों, बेघर आबादी और रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अभियान का नेतृत्व करने और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडल, जनपद, तहसील, विकासखंड, नगर निकाय और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित किया जाए। जनप्रतिनिधियों से भी अभियान के प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की गई। उन्होंने जनगणना कर्मियों को निर्देश दिया कि वे विनम्रता, धैर्य और संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक परिवार तक पहुंचें। दूरस्थ बस्तियों, किराएदारों, प्रवासी श्रमिकों, अकेले रहने वाले व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों और घुमंतू समुदायों को विशेष रूप से शामिल किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से छूटने न पाए और किसी का नाम दोबारा दर्ज न हो।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने माता-पिता, बुजुर्गों और पड़ोसियों को स्व-गणना में सहायता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने वाला राष्ट्रीय दायित्व है। किसी भी समस्या या सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 1855 का उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि जनगणना के विश्वसनीय आंकड़े शिक्षा, आवास, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर कार्ययोजना तैयार करने में सहायक होंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से सही जानकारी देने और जनगणना कर्मियों का सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, जनगणना कर्मियों और आमजन के सामूहिक प्रयासों से यह अभियान सफल होगा तथा प्रदेश को आगामी दशक के लिए विकास की प्रभावी योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।
NAGARIK SATTA