Breaking News

सुशासन और तकनीकी नवाचार से साकार होगा विकसित भारत का सपना : ए.के. शर्मा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा चुकी है। उनके नेतृत्व में भारत आगामी 25 वर्षों में निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को हासिल करेगा। उन्होंने सुशासन, तकनीकी नवाचार और प्रभावी नेतृत्व को विकसित भारत के निर्माण का प्रमुख आधार बताया।

मंत्री ए.के. शर्मा मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘लीडरशिप एज ए मिशन’ विषयक राष्ट्रीय कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक आधारित नवाचार को प्राथमिकता देकर सुशासन का नया मॉडल प्रस्तुत किया है।

श्री शर्मा ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रदेश के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से एक साथ संवाद स्थापित करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तकनीक का इस्तेमाल किया। उस समय यह प्रशासनिक व्यवस्था में एक अभिनव पहल थी। इससे शासन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद, बेहतर समन्वय तथा निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में गुजरात में ‘स्वागत’ (SWAGAT) नाम से तकनीक आधारित जनशिकायत निवारण प्रणाली शुरू की गई। इसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का उच्च स्तर पर संज्ञान लेकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया गया। यह व्यवस्था आज भी गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय में संचालित है और लोक सेवा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने इसी सोच को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए ‘प्रगति’ (PRAGATI) जैसी तकनीक आधारित समीक्षा प्रणाली शुरू कराई। इसके माध्यम से देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण योजनाओं और लंबित कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की जाती है। इससे परियोजनाओं की निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय को मजबूती मिली है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ना होगा। ऐसे नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, जो आधुनिक तकनीक अपनाने, नए प्रयोग करने और प्रशासनिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखता हो।

कार्यशाला में प्रशासनिक अधिकारियों, नीति-निर्धारकों एवं अन्य प्रतिभागियों से संवाद करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जनसेवा के प्रति समर्पण, संवेदनशील प्रशासन, समयबद्ध निर्णय और परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति जरूरी है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मिशन मोड नेतृत्व की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. पीके मिश्रा, नीति आयोग के पूर्व सीईओ बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम, नीति आयोग की विशिष्ट फेलो देबजानी घोष, आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर विशाल गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नीति-निर्धारक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सीएमएस विज्ञान मेले का किया उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों का बढ़ाया उत्साह

पूर्व छात्र के रूप में विद्यालय पहुंचे थे वायुसेना प्रमुख अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु …

भारत-ईयू संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *