- एकेटीयू में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का भव्य आयोजन
लखनऊ। फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा कार्यक्रम का आयोजन डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ फार्मेसी लखनऊ एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से विश्वविद्यालय के पंडित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय सभागार में किया गया। सेंट्रल उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ के लिए विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्य स्तरीय आयोजन किया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं फार्मास्यूटिकल क्षेत्र के विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य पेशेवरों ने मंथन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के दानिश आजाद अंसारी, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पहल कर रही है। इसी के तहत हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किये गये। ललितपुर में प्रदेश का पहला फॉर्मा पार्क 15 सौ एकड़ में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में माननीय कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने कहा कि फॉर्मेसी एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। भारत इस क्षेत्र में प्राचीन काल से अग्रणी रहा है। वर्तमान में इस क्षेत्र में नई तकनीकी का समावेश जरूरी है। साथ ही पाठ्यक्रम में भी एआई, क्वॉन्टम तकनीकी आदि को जोड़ने की जरूरत है,।
इसके अतिरिक्त डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल, अध्यक्ष, फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडियाय जशुभाई हिराभाई चौधरी, उपाध्यक्ष, डॉ. दीपेंद्र सिंह, अध्यक्ष, एजुकेशन रेगुलेशंस कमेटी, च्ब्प्य इंजीनियर महेश गोयल, चेयरमैन एवं ट्रस्टी, गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंसय प्रो. (डॉ.) आकाश वेद, प्रो. (डॉ.) विभु सहानी, केंद्रीय परिषद सदस्य डॉ. श्रीकांत विजय राव जोशी सहित विभिन्न अतिथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता रैली रही। अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ एकेटीयू के मुख्य द्वार से किया गया। रैली भवानी चौराहा, जानकीपुरम तक निकाली गई। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की बढ़ती चुनौती के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों का सम्मान एवं स्वागत किया गया।
अपने संबोधनों में आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों की बढ़ती जिम्मेदारियों रोगी सुरक्षा, औषधि प्रबंधन, तर्कसंगत दवा उपयोग, फार्मास्यूटिकल अनुसंधान, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में फार्मासिस्टों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वक्ताओं ने गुणवत्तापूर्ण फार्मेसी शिक्षा, पेशेवर नैतिकता, कौशल विकास तथा शैक्षणिक संस्थानों, नियामक निकायों और स्वास्थ्य उद्योग के बीच सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर दक्षिण डॉ. लीना त्रिपाठी, डायरेक्टर, ईस्टर्न अफ्रीका हब एवं डायरेक्टर ऑफ जेनेटिक इनोवेशन ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस और उससे उत्पन्न चुनौतियों पर विशेष संदेश प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण प्राप्त हुआ।
- विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा, नवाचार एवं रचनात्मकता को मिला मंच
कार्यक्रम में फार्मेसी विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता, वैज्ञानिक अभिरुचि एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें फार्मा क्विज प्रतियोगिता, वैज्ञानिक पोस्टर प्रस्तुति, स्किटून्स, जागरूकता रील एवं शैक्षणिक लीफलेट प्रदर्शन तथा जनस्वास्थ्य विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रमुख रहे। इसके अतिरिक्त समकालीन फार्मास्यूटिकल एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विशेषज्ञ पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें प्रो. (डॉ.) गौरव कैथवास, प्रो. (डॉ.) सैयद मिस्बाहुल हसन, डॉ. मनीष के. चौरसिया, प्रो. राकेश कुमार दीक्षित, डॉ. विक्रम सिंह एवं डॉ. रवि गौर ने विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता की। चर्चा का संचालन प्रो. (डॉ.) प्रणय वाल ने किया। इस सत्र में फार्मेसी शिक्षा के भविष्य, अनुसंधान की नई संभावनाओं, उभरती औषधीय तकनीकों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार की आवश्यकता पर विचार-विमर्श हुआ।
- प्रतिभाशाली प्रतिभागियों का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण
समापन सत्र में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के केंद्रीय परिषद सदस्यों, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञों की सहभागिता रही। इस अवसर पर श्री संदीप बडोला, प्रो. (डॉ.) अंबर व्यास, श्री कुमार अजय, प्रो. एस. पी. शुक्ला एवं श्री घनश्याम शाही सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रो. नम्रता सिंह, नोडल अधिकारी, गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज द्वारा प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा पुरस्कार वितरित किए गए।
- फार्मेसी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का यह आयोजन उत्तर प्रदेश में फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान एवं पेशेवर उत्कृष्टता को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम ने गुणवत्तापूर्ण फार्मेसी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार, नैतिक पेशेवर आचरण तथा जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता के महत्व को रेखांकित किया। यह आयोजन फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ युवा फार्मासिस्टों को राष्ट्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में अधिक सक्रिय, जिम्मेदार एवं प्रभावशाली भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने वाला अवसर सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का समापन प्रो. (डॉ.) तारिक महमूद अंसारी, फार्मेसी विभाग, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
NAGARIK SATTA
