Breaking News

यूपी में हिंसा की शिकार महिलाओं-बालिकाओं को मिलेगी 15 लाख रुपये तक की सहायता

  • रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2026 को मंजूरी
  • जघन्य अपराधों की पीड़िताओं को तत्काल आर्थिक, चिकित्सीय और कानूनी सहायता देने की व्यवस्था

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में महिला सशक्तीकरण और पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित राहत उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मंत्रिपरिषद ने उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली-2026 को मंजूरी प्रदान कर दी है। नई नियमावली के तहत जघन्य हिंसा और अपराधों की शिकार महिलाओं एवं बालिकाओं को अपराध की श्रेणी के अनुसार एक लाख से 15 लाख रुपये तक क्षतिपूर्ति दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही पीड़िताओं को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ चिकित्सीय और कानूनी मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।

प्रदेश में पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को आर्थिक राहत और सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से वर्ष 2015 में रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष नियमावली लागू की गई थी। अब इसे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की प्रस्तावित योजना के समतुल्य बनाने के उद्देश्य से नई नियमावली-2026 प्रख्यापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

  • अपराध की गंभीरता के आधार पर मिलेगी क्षतिपूर्ति

नई नियमावली में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले गंभीर अपराधों की विभिन्न श्रेणियों को शामिल किया गया है। इनमें जीवन हानि, सामूहिक दुष्कर्म, दुष्कर्म, शारीरिक अंग की क्षति के कारण स्थायी दिव्यांगता, हमले के कारण गर्भपात अथवा प्रजनन क्षमता की हानि, एसिड अटैक और जलाने की घटनाएं शामिल हैं। इन मामलों में अपराध की प्रकृति और गंभीरता के अनुसार क्षतिपूर्ति निर्धारित की जाएगी।

इसके अतिरिक्त नाबालिगों से दुष्कर्म, बच्चों का अश्लील प्रयोजनों के लिए इस्तेमाल तथा बच्चों के साथ गंभीर लैंगिक हमलों के कारण मृत्यु जैसे मामलों में भी अलग-अलग श्रेणियों के तहत आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से गंभीर अपराधों से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने तथा उनके पुनर्वास में मदद करने का उद्देश्य है।

  • चिकित्सा और कानूनी सहायता पर भी जोर

नई व्यवस्था में केवल आर्थिक क्षतिपूर्ति तक सीमित न रहकर पीड़िताओं को आवश्यक चिकित्सीय एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। एसिड अटैक और यौन हमलों की पीड़िताओं के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाओं तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसी व्यवस्थाओं का भी प्रस्ताव है।

नई नियमावली से गंभीर अपराधों की पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने और उन्हें समय पर राहत देने में मदद मिलने की उम्मीद है। यह निर्णय महिला सुरक्षा, गरिमा, पुनर्वास और सशक्तीकरण की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

About Nagarik Satta

Check Also

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सीएमएस विज्ञान मेले का किया उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों का बढ़ाया उत्साह

पूर्व छात्र के रूप में विद्यालय पहुंचे थे वायुसेना प्रमुख अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु …

भारत-ईयू संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *