- स्वनिधि से समृद्धि श्रेणी में प्रदेश को पहला, ओवरऑल परफॉर्मेंस और स्पेशल कैंपेन में मिला दूसरा स्थान
लखनऊ। पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश को आठ राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 समारोह में प्रदेश को राज्य स्तर पर तीन और नगर निकाय स्तर पर पांच पुरस्कार मिले। इस उपलब्धि पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।
राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश को स्वनिधि से समृद्धि श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल हुआ, जबकि ओवरऑल परफॉर्मेंस और स्पेशल कैंपेन श्रेणियों में प्रदेश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, नगर निकाय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी को सम्मानित किया गया।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी पहल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्ट्रीट वेंडर्स के विश्वास, नगरीय निकायों की सक्रियता और राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) की पूरी टीम के समर्पण एवं परिश्रम का परिणाम है।
मंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसके माध्यम से रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को आसान ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र स्ट्रीट वेंडर तक योजना का लाभ पहुंचे, ऋण वितरण समयबद्ध तरीके से हो और अधिक से अधिक व्यवसायी डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें।
उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी नगर निकायों और विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी।
समारोह में राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक डॉ. राजागणपति आर. ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से पुरस्कार प्राप्त किए। सूडा निदेशक ने इस सफलता का श्रेय स्ट्रीट वेंडर्स, नगर आयुक्तों, परियोजना अधिकारियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सूडा की पूरी टीम को दिया।
NAGARIK SATTA