- 30 नवंबर से शुरू होगा 6 दिवसीय हवाई टूर पैकेज
लखनऊ। कश्मीर की खूबसूरत वादियों, बर्फीले पहाड़ों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के इच्छुक पर्यटकों के लिए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) एक बार फिर ‘जन्नत-ए-कश्मीर’ हवाई टूर पैकेज लेकर आया है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ की ओर से इस विशेष पर्यटन पैकेज का संचालन 30 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। छह दिवसीय इस यात्रा में पर्यटकों को श्रीनगर, सोनमर्ग, पहलगाम और गुलमर्ग की सैर कराई जाएगी।
भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम आईआरसीटीसी का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को बेहतर खानपान, आतिथ्य और पर्यटन सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में पर्यटकों के लिए कश्मीर भ्रमण का यह विशेष पैकेज तैयार किया गया है।
- लखनऊ से हवाई यात्रा, होटल और हाउस बोट में ठहरने की सुविधा
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि आईआरसीटीसी के इस पैकेज में लखनऊ से श्रीनगर आने-जाने की व्यवस्था विमान से की गई है। यात्रियों के ठहरने और खानपान की व्यवस्था तीन सितारा होटल एवं हाउस बोट में की जाएगी। यात्रा के दौरान पर्यटकों को डल झील, शंकराचार्य मंदिर, मुगल गार्डन के निशात बाग, हजरतबल दरगाह सहित कश्मीर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सोनमर्ग, गुलमर्ग और पहलगाम की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। पहलगाम में बेताब घाटी, चंदनवारी और अरु घाटी की सैर भी पैकेज में शामिल है। गुलमर्ग में गोंडोला केबल कार की सुविधा का लाभ पर्यटक अतिरिक्त भुगतान के आधार पर उठा सकेंगे। खिलनमर्ग सहित अन्य प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
- एकल और समूह में यात्रा करने पर अलग-अलग पैकेज दरें
आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए ठहरने के विकल्पों के अनुसार पैकेज की दरें निर्धारित की हैं। एक व्यक्ति के अकेले ठहरने पर पैकेज का मूल्य 43,200 रुपये प्रति व्यक्ति होगा। वहीं, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 38,000 रुपये और तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 36,400 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
माता-पिता के साथ यात्रा करने वाले बच्चों के लिए बेड सहित पैकेज का मूल्य 29,200 रुपये तथा बिना बेड के 26,900 रुपये प्रति बच्चा निर्धारित किया गया है।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी बुकिंग
आईआरसीटीसी के अनुसार, इस पर्यटन पैकेज की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक पर्यटक पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निगम की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग भी कराई जा सकती है।
पैकेज से संबंधित अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए पर्यटक लखनऊ में 9305111765, 9236391911, 9236391909 और 8287930912 तथा कानपुर में 9415042930 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने पर्यटकों से इस विशेष पैकेज का लाभ उठाने की अपील की है।
NAGARIK SATTA