-
2025-26 में योगी सरकार की तरफ से प्रदेश के 11690 लाभार्थियों को 5.61 अरब रुपये की दी जाएगी सहायता
लखनऊ, 12 जून। योगी सरकार अन्नदाता किसानों के हर सुख-दुख में सदैव साथ खड़ी है। दुर्घटना में किसी किसान की मृत्यृ-दिव्यांगता आदि होने पर आश्रितों/परिवारों के लिए मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना संबल बनी है। किसी अप्रिय घटना में आश्रित परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है, जिससे परिवारवालों को जीवनयापन में अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है, ऐसे में संकट के समय इस योजना के माध्यम से योगी सरकार ऐसे परिवारों के लिए संबल प्रदान कर रही है। यह योजना 14 सितंबर 2019 से लागू हुई थी। योजना के अंतर्गत दुर्घटनावश मृत्यु-विकलांगता की दशा में अधिकतम पांच लाख रुपये दिए जाने का प्रावधान है।
-
शुक्रवार को 431 लोगों को दी जाएगी लगभग 21 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत शुक्रवार (13 जून) को अंबेडकर नगर के शिवबाबा मैदान में जनपद के 431 लोगों को सहायता राशि का चेक प्रदान करेंगे। इसमें 408 लोगों को पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। 10 लोगों को ढाई लाख, एक किसान परिवार को 1.25 लाख व 12 लाभार्थियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि का डेमो चेक प्रदान किया जाएगा। कुल राशि 20 करोड़, 78 लाख, 25 हजार रुपये (लगभग 21 करोड़) है। यह राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खाते में जाएगी।
-
प्रदेश के 11690 लोगों को दी जाएगी 5.61 अरब से अधिक की सहायता
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत अब तक प्रदेश के सभी 75 जनपदों में 11690 लोगों के आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन्हें योगी सरकार द्वारा 5 अरब, 61 करोड़, 86 लाख, 28,200 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
-
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से लाभान्वित शीर्ष 10 जनपद
जनपद स्वीकृत दावे धनराशि
अंबेडकरनगर 431 20,78,25,000
कुशीनगर 392 19,55,00,000
कानपुर देहात 403 19,51,50,000
मैनपुरी 355 17,66,00,000
जौनपुर 417 17,20,00,000
इटावा 352 17,00,80,000
हरदोई 342 15,99,00,000
लखीमपुर खीरी 334 15,82,50,000
सोनभद्र 307 13,75,75,000
संतकबीर नगर 280 13,35,25,000
NAGARIK SATTA