Breaking News

अब हैदराबाद में दिखेगी उत्तर प्रदेश की वैश्विक कारोबारी शक्ति की झलक

  • नई दिल्ली के बाद दक्षिण भारत में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के दूसरा मेगा रोड शो का आयोजन

  • निर्यात, निवेश और नवाचार के नए अवसरों को सामने लाने के लिए योगी सरकार की महत्वपूर्ण पहल

लखनऊ, 10 जुलाई। नई दिल्ली के बाद अब हैदराबाद में उत्तर प्रदेश की वैश्विक कारोबारी ताकत की झलक देखने को मिलेगी। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के तीसरे संस्करण से पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में मेगा रोड शो आयोजित कर रही है। इस कड़ी में नई दिल्ली के बाद अगला रोड शो 11 जुलाई शुक्रवार को हैदराबाद में होने जा रहा है। यह रोड शो व्यापार, निवेश, निर्यात और नवाचार के क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश की क्षमताओं को देश के दक्षिणी राज्यों के सामने प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करेगा। इस रोड शो में टीम योगी की ओर से एमएसएमई, खादी और ग्रामोद्योग व हैंडलूम और टेक्सटाइल मंत्री राकेश सचान योगी सरकार के विजन को प्रस्तुत करेंगे।

  • प्रमुख सेक्टर्स की संभावनाओं को किया जाएगा उजागर

इस मेगा रोड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के निर्यात विजन 2025 को देश के सामने स्पष्ट रूप से पेश करना है। इसमें विदेशी राजनयिकों, दूतावास अधिकारियों, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, व्यापार संगठनों, उद्योगपतियों और स्टार्टअप प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। रोड शो में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि राज्य की कारोबारी प्रगति, अधोसंरचनात्मक विकास, निवेश के लिए अनुकूल माहौल और नीति-सहायक वातावरण का समग्र चित्र प्रस्तुत करेंगे। इस आयोजन में खासतौर से उत्तर प्रदेश के प्रमुख सेक्टर्स जैसे एमएसएमई, ओडीओपी, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, आईटी, एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्रीज और फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को उजागर किया जाएगा। यह रोड शो न केवल निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के लिए अवसर लेकर आएगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को ग्लोबल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

  • हैदराबाद के बाद बेंगलुरू, मुंबई और अहमदाबाद की बारी

यह रोड शो ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर 2025 के बीच आयोजित होने जा रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के लिए उद्योग जगत और विदेशी प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने और उन्हें सहभागी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नई दिल्ली में इस श्रृंखला की पहली कड़ी सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी है, जबकि आगामी रोड शो बेंगलुरू (18 जुलाई), मुंबई (25 जुलाई) और अहमदाबाद (30 जुलाई) में प्रस्तावित हैं।

About Nagarik Satta

Check Also

सौहार्द और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

दीपावली, छठ और देव दीपावली पर यूपी में हाई अलर्ट, छुट्टियां निरस्त लखनऊ। उत्तर प्रदेश …

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से की प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

यूपी की 374 ग्रामीण सड़कों के लिए 544.62 करोड़ मंजूर लखनऊ। केंद्रीय कृषि एवं किसान …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *