-
कैंसर के खिलाफ जंग में संगीत बना संदेशवाहक

लखनऊ, 24 जुलाई। एमिटी विश्वविद्यालय लखनऊ परिसर में बृहस्पतिवार को स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक संगीतमयी संध्या ‘ग्लीटराटी’ का आयोजन किया गया। डीन स्टूडेंट वेलफेयर विभाग, एमिटी विवि. लखनऊ परिसर के अंर्तगत ‘एमीबीट्स’ क्लब की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केनरा बैंक का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम की खास बात रही मिस इंटरनेशनल दीवा 2025 अपूर्वा चौहान की सुरमयी प्रस्तुति, जिन्होंने वेस्टर्न रॉक, पॉप, जैज़ और हिंदी फिल्मों के गीतों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। ओपेरा शैली में उन्होंने मशहूर जेम्स बॉन्ड फिल्म स्काईफॉल के थीम सॉन्ग ‘दिस इज दी इंण्ड’ से शुरुआत की और ‘स्मूथ ऑपरेटर, ’आई ऐम रेडी’ जैसे गीतों के साथ हिंदी गीत साहिबा नींद वींद ना आए भी प्रस्तुत किया। उनके बाद एकूस्टिक बैंड ग्रुप ने बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम को संगीतमय रंगों से भर दिया।
एडीजी महिला एवं बाल सुरक्षा विंग व एडीजी फायर सर्विस मुख्यालय पद्मजा चौहान (आईपीएस), केनरा बैंक के मुख्य महाप्रबंधक अजीत कुमार मिश्रा, एमिटी विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. अनिल वशिष्ठ, डिप्टी प्रो-वीसी विंग कमांडर डॉ. अनिल तिवारी, और डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राजीव वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग अजय सिंह चौहान (आईएएस), एसपी महिला प्रकोष्ठ वृंदा शुक्ला (आईपीएस) तथा केनरा बैंक के मुख्य महाप्रबंधक अजय मिश्रा भी उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रो. डॉ. अनिल वशिष्ठ ने उन्हें पर्यावरण-संरक्षण का प्रतीक स्वरूप पौधे भेंट किए। इस अवसर पर अजीत कुमार मिश्रा ने कहा, ‘स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता ही इसका पहला बचाव है। समय पर जांच और सही जानकारी से हम कई जिंदगियां बचा सकते हैं।’ उन्होंने केनरा एंजल्स अकाउंट जैसी महिला-केंद्रित बैंक योजनाओं की भी जानकारी दी, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके स्वास्थ्य संबंधी खर्चों में सहायता करती हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, छात्र-छात्राएं और कई गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संगीत के माध्यम से स्वास्थ्य और जागरूकता का यह संदेश सभी के दिलों को छू गया।
NAGARIK SATTA