-
जनभागीदारी से बनेगा जन आंदोलन, 4.6 करोड़ तिरंगे फहराने का लक्ष्य
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा अभियान 2025’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान को पूरे प्रदेश में जन आंदोलन के रूप में चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों की तरह इस बार भी उत्साह, उमंग और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 4.6 करोड़ से अधिक तिरंगे फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए स्वयं सहायता समूह, एनजीओ, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग व निजी सिलाई केंद्रों के माध्यम से झंडों का निर्माण कराया जाएगा तथा पंचायत भवन, जनसेवा केंद्र, राशन दुकान, तहसील, विकासखंड, पेट्रोल पंप, डाकघर आदि पर बिक्री सुनिश्चित कराई जाएगी।
मुख्य सचिव ने जन जागरूकता बढ़ाने हेतु बाइक व साइकिल रैली, युवा परेड और सामुदायिक तिरंगा यात्राएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों, युवाओं और नागरिकों को जोड़ते हुए शैक्षणिक संस्थानों, स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम वाली लाइटिंग, भित्ति चित्रों और रंगोली से सजाया जाए। ‘सेल्फी विद तिरंगा’ के तहत नागरिकों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी तस्वीरें अपलोड करने हेतु प्रेरित किया जाए।
-
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव 8 अगस्त को
मुख्य सचिव ने बताया कि 8 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसका समापन समारोह मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शहीद स्मारक, काकोरी में होगा, जिसका सजीव प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों पर सूचना विभाग द्वारा कराया जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों और स्कूली बच्चों को समारोह में शामिल किया जाएगा। साथ ही 8 व 9 अगस्त को तिरंगा राखी अभियान के तहत पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को राखी बांधी जाएगी और सीमाओं पर डाक विभाग के माध्यम से तिरंगा राखी भेजी जाएगी।
-
झंडा संहिता का करें पालन
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि तिरंगे का फहराना पूरी गरिमा और झंडा संहिता के अनुरूप हो। फटा, कटा या आधा झुका हुआ झंडा प्रतिबंधित रहेगा तथा झंडा उतारने के बाद उसका दुरुपयोग न हो, इस हेतु नागरिकों को जागरूक किया जाए।
-
तीन चरणों में चलेगा अभियान
संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा 2025’ अभियान 2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में चलाया जाएगा।
- 2 से 8 अगस्त: सजावट, प्रदर्शनियाँ, रैली, यात्राएं और जागरूकता कार्यक्रम।
- 9 से 12 अगस्त: जन भागीदारी और तैयारियों का विस्तार।
- 13 से 15 अगस्त: ध्वजारोहण समारोह, प्रमुख स्थलों पर तिरंगा लाइटिंग।
बैठक में प्रमुख सचिव संस्कृति मुकेश मेश्राम, पंचायतीराज के अनिल कुमार, सिंचाई विभाग के अनिल गर्ग, राजस्व विभाग के पी. गुरुप्रसाद, होमगार्ड्स के राजेश सिंह, खादी ग्रामोद्योग के अनिल कुमार सागर, ग्राम्य विकास आयुक्त गौरी शंकर प्रियदर्शी और राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
NAGARIK SATTA