लखनऊ। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तर प्रदेश के बस अड्डों पर शुक्रवार को सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं और उनकी एक सहयात्री को तीन दिन तक प्रदेश में नि: शुल्क बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा का असर साफ दिखाई दिया। राजधानी के चारबाग, कैसरबाग और आलमबाग बस अड्डों पर तो भीड़ को देखते हुए बसें कम पड़ जा रही हैं। बसों के आते ही भर जा रही हैं और उन्हें तत्काल रवाना कर दिया जा रहा है।
सुबह से ही राज्य के सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर बहनों और उनके साथ आने वाले परिजनों की भारी भीड़ लगी रही। परिवहन निगम के अफसरों के अनुसार, सिर्फ लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और आगरा जैसे बड़े शहरों से हजारों बसें अलग-अलग रूटों पर चलाई गईं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। नि: शुल्क यात्रा योजना रक्षाबंधन के एक दिन पहले से शुरू हो कर एक दिन बाद तक लागू रहेगी।
परिवहन विभाग ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद तैयारियां शुरू कर दी थी, सिर्फ लखनऊ से ही रक्षाबंधन पर प्रतिदिन 1000 से अधिक बसें अलग-अलग रूटों पर चलाई जा रही हैं। अतिरिक्त चालक और परिचालक ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। बस अड्डों पर पुलिसकर्मियों और महिला सिपाहियों की तैनाती भी बढ़ाई गई है ताकि भीड़ में किसी को परेशानी न हो।
NAGARIK SATTA