लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के अन्तर्गत संचालित राजकीय बाल गृह (बालिका) सिंधीखेड़ा पारा लखनऊ का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। राज्यपाल ने बालिका गृह में निवास कर रही बालिकाओं से संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, दिनचर्या, जीवन के सपनों तथा भविष्य की आकांक्षाओं के विषय में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, नए-नए कौशल सीखें और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने उन्हें रसोई, सिलाई, योग तथा अन्य उपयोगी कौशलों को भी सीखने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल ने बालिका गृह के साफ-सफाई, किचन, रसोईघर, टॉयलेट, नामांकन प्रक्रिया, ट्यूशन व टीचिंग मेथड, काउंसलिंग, सब्जी व्यवस्था, योग, पढ़ाई का टाइम-टेबल, सिलाई केंद्र और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चियों का नियमित हेल्थ चेकअप कराया जाए तथा विशेष रूप से हीमोग्लोबिन की जांच अनिवार्य रूप से हो। राज्यपाल ने बालिकाओं द्वारा हाथ से बनाई गई उपयोगी वस्तुओं को देखा और उनकी सराहना की। उन्होंने संस्थान में खुले ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन भी किया तथा बच्चियों को मेहंदी कला सीखने के लिए प्रोत्साहित किया जिससे वे आगे चलकर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने संस्थान की संचालिका को संस्थान से निकलने के बाद भी बालिकाओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें और उनके जीवन में आगे वे कैसी प्रगति कर रही हैं, इस पर ध्यान देने का निर्देश दिया। कंप्यूटर लैब का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां आवश्यक चेयर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
NAGARIK SATTA
