-
एएसईटी और एएसएएस विभाग की संयुक्त टीम ने जीता संगठन ओवरऑल चैम्पियन्स ट्रॉफी 2025
लखनऊ। एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ परिसर का वार्षिक खेल महोत्सव “संगठन-2025” बुधवार को भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे विश्वविद्यालय परिसर में खेल भावना, उत्साह और उमंग का अद्भुत समागम देखने को मिला।
इस वर्ष “संगठन-2025” के अंतर्गत 180 से अधिक मैचों का आयोजन किया गया, जिनमें टेबल टेनिस, क्रिकेट, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, 100, 200 एवं 800 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, टग ऑफ वॉर, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन सहित कई इनडोर व आउटडोर प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विश्वविद्यालय के सभी संकायों के 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने इसमें भाग लेकर अपने खेल कौशल और टीम भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) अनिल वशिष्ठ प्रो वाइस-चांसलर, एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ परिसर शामिल हुए। मौके पर विश्वविद्यालय के सभी संस्थानों के विभागाध्यक्ष और संकाय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. अनिल वशिष्ठ ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “पिछले कई दिनों में हमने एमिटी विश्वविद्यालय के मैदानों पर अद्भुत खेल प्रदर्शन, टीम भावना और जज्बे को साकार होते देखा। संगठन-2025 प्रतियोगिताएं केवल जीत-हार या पदक के बारे में नहीं है, बल्कि यह खेल भावना, समर्पण और अनुशासन का उत्सव है। हम संगठन को अपने संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक के. चौहान के जन्मदिवस के रूप में मनाते हैं, जिन्होंने सदैव परिश्रम, दृढ़ निश्चय और उत्कृष्टता के मूल्यों को जीवन का आधार माना।
उन्होने कहा कि, संगठन-2025 के समापन पर मेरा सभी को यही संदेश है कि खेलों के माध्यम से हम स्वास्थ्य, सौहार्द और परिश्रम के मार्ग पर आगे बढ़ते रहें।”
डॉ. राजीव वर्मा, डीन, स्टूडेंट वेलफेयर ने सभी प्रतिभागियों का कार्यक्रम में स्वागत किया।
समापन समारोह में खेल पुरस्कारों के साथ-साथ विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। विद्यार्थियों ने नृत्य-नाटिका, वेस्टर्न डांस और संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
समापन कार्यक्रम के अवसर पर सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
संगठन प्रतियोगिताओं में इस वर्ष की ओवरऑल संगठन चौंपियन ट्रॉफी 2025 का खिताब एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एएसईटी) एवं एमिटी स्कूल ऑफ अप्लाइड साइंसेज़ (एएसएएस) की संयुक्त टीम ने अपने नाम किया।
एआईआईटी, एएसएल, एआईबीएएस, एआईएलए और एआईआरएस (अदर-2) की संयुक्त टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि एमिटी बिजनेस स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रों में जीत की खुशी उनके चेहरों पर साफ झलक रही थी जब उन्होंने गर्व के साथ अपने पुरस्कार उठाए।
पुरस्कार वितरण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और गर्व का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। सभी फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने “संगठन-2025” को यादगार बना दिया। समापन समारोह में सभी छात्र और संकाय सदस्य उपस्थित थे, जिससे संगठन का यह संस्करण यादगार बन गया।
NAGARIK SATTA
