लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आज लखनऊ में आयोजित कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज की भीड़ ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यह बहुजन की सरकार बनने का संकेत है।
BSP सुप्रीमो ने कहा कि बहुजन समाज को एकजुट होकर सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में लेनी होगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी होगी। उन्होंने सपा, बीजेपी और कांग्रेस तीनों पर तीखे हमले किए।
मायावती ने कहा, सपा जब सत्ता में थी तो PDA की याद नहीं आई, अब सत्ता से बाहर हैं तो PDA की बात कर रहे हैं। सपा सरकार में गुंडों-माफियाओं को बढ़ावा मिला, बीजेपी सरकार में भी स्थिति वैसी ही दिख रही है। “सपा ने हमेशा कांशीराम जी का अपमान किया।”
“कांग्रेस संविधान की बात करती है, लेकिन इमरजेंसी के दौरान उसी संविधान को कुचल दिया गया था।”
उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़े, मुस्लिम समाज को जागरूक होकर BSP को मजबूत बनाना होगा, तभी बाबा साहेब और कांशीराम का सपना साकार हो सकेगा।
मायावती ने EVM प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “EVM में धांधली की शिकायतें लगातार आती रही हैं, यह सिस्टम खत्म हो सकता है।”
उन्होंने कहा कि “बीएसपी की सरकार आने पर प्रदेश में ही रोजगार मिलेगा, लोगों को पलायन नहीं करना होगा। मुस्लिम और पिछड़े वर्गों सहित सभी समाज का विकास हमारी प्राथमिकता होगी।”
मायावती ने केंद्र सरकार को भी चेताते हुए कहा कि “अमेरिकी टैरिफ के मुद्दे पर सचेत रहना होगा, स्वदेशी नीतियां हवा-हवाई नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि “किसी धर्म या जाति पर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए, सभी को संविधान के अनुसार चलना चाहिए।”
गठबंधन पर बड़ा बयान देते हुए मायावती ने कहा कि “हम किसी से गठबंधन नहीं करेंगे, आगामी विधानसभा चुनाव BSP अकेले लड़ेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।”
पार्टी संगठन को लेकर मायावती ने कहा कि आकाश आनंद मेरे मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं, वे बहुत मेहनत कर रहे हैं और पार्टी हित में कार्य कर रहे हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके साथ खड़े रहें। उन्होंने सतीश चंद्र मिश्रा की भी तारीफ करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं।
मायावती ने अंत में कहा कि “BSP लाओ, जनता को खुशहाल बनाओ, संविधान को हम बदलने नहीं देंगे।”
NAGARIK SATTA
