-
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता को गन्ना से संबंधित 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया
लखनऊ। सहकार भारती द्वारा चौधरी चरण सिंह सहकारिता भवन में आयोजित गन्ना प्रकोष्ठ का पहला प्रदेशीय सम्मेलन का शुभारंभ सहकार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के उपसभापति ऋषिकांत राय, अजय वीर सिंह प्रदेश प्रमुख गन्ना प्रकोष्ठ एवं मीनाक्षी राय प्रदेश महिला प्रमुख ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। साथ ही सभागार में किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की तस्वीर का अनावरण कर नमन किया गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कहा कि सहकारिता अब जनआंदोलन का रूप ले रही है, जिससे सहकारिता के लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका और सशक्त होगी। संगठन द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं सहकारिता मंत्री को संबोधित मांग पत्र भी सहकार भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को सौंपा गया।
मांग पत्र में कई चीनी मिल जैसे सिंभावली, मोदी,बजाज, राणा ग्रुप से गन्ना भुगतान न होना, देय कमीशन का भुगतान न होना, गन्ना विकास परिषदों के निर्वाचन न होना, समितियों के खाता परिचालन अधिकार उपविधि में संशोधन करना, उ0प्र0 सहकारी गन्ना समिति संघ का निर्वाचन कराए जाने, गन्ना विकास से संबंधित निर्माण पूर्व की भांति गन्ना विकास परिषद से ही कराने और गन्ना मूल्य का निर्धारण पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड की भांती कराए जाने, गन्ना क्रय केंद्र त्वरित तौल व्यवस्था कराने एवं प्रदेश में बंद चीनी मिलों को जनहित में संचालित कराए जाने समेत 12 मांगें शामिल की गई हैं।
NAGARIK SATTA