-
सरदार पटेल की 150वीं जयंती समारोह के उपलक्ष्य में सीएम योगी ने किया एकता यात्रा का शुभारंभ
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में एकता यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, मत या मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। सरदार पटेल को राष्ट्र की एकता का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर वंदे मातरम के विरोध को लेकर प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम वह गीत है जिसने आजादी के आंदोलन में भारत की सोयी चेतना को जगाया और स्वतंत्रता का मंत्र बन गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के तहत इसमें संशोधन करने का प्रयास किया, जिसके कारण राष्ट्र की एकता को ठेस पहुँची और विभाजन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, मत या मजहब राष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। व्यक्तिगत आस्था यदि राष्ट्र के आड़े आए तो उसे एक छोर पर रख देना चाहिए। पर, कुछ लोगों के लिए आज भी उनका व्यक्तिगत मत और मजहब बड़ा है। धरती माता की उपासना का प्रतीक वंदे मातरम का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सपा सांसद के वंदे मातरम न गाने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोग जिन्ना को सम्मान देने वाले कार्यक्रमों में तो शामिल होते हैं, परंतु पटेल की जयंती से दूरी बनाते हैं। योगी ने चेतावनी दी कि भारत में नए जिन्ना पैदा होने से पहले ही उन्हें रोकना होगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य किया जाएगा ताकि मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना जागृत हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के योगदान को अमर करते हुए स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के माध्यम से देश की एकता का प्रतीक स्थापित किया है।
NAGARIK SATTA