Breaking News

‘विजन 2047’ थीम पर होगा कानपुर पुस्तक मेला

  • महापौर प्रमिला पांडे करेंगी उद्घाटन: 13 से 23 नवंबर तक जीआईसी ग्राउंड चुन्नीगंज में होगा आयोजन

कानपुर, 10 नवंबर। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की प्रेरणा से ‘विजन 2047 : विकसित भारत, विकसित प्रदेश’ थीम पर आधारित कानपुर पुस्तक मेला का आयोजन 13 से 23 नवंबर 2025 तक राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ग्राउंड, चुन्नीगंज में किया जा रहा है। पुस्तक मेले का उद्घाटन कानपुर नगर की महापौर प्रमिला पांडे द्वारा 13 नवंबर को सायं 5 बजे किया जाएगा। मेले का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा और प्रवेश निशुल्क रहेगा।

पुस्तक मेले के निदेशक आकर्ष चंदेल ने बताया कि इस बार देश के विभिन्न नगरों से आए 80 से अधिक प्रकाशक, वितरक और संस्थान अपने स्टॉल लगाएंगे। हिंदी, अंग्रेज़ी, उर्दू तथा अन्य भारतीय भाषाओं में साहित्य, शैक्षणिक पुस्तकें, बाल साहित्य और प्रेरणादायक पुस्तकों की हजारों शीर्षक उपलब्ध रहेंगी। मेले में प्रतिदिन ‘लेखक से मिलिए’ सत्र, कवि सम्मेलन, मुशायरा, गोष्ठियाँ, पुस्तक विमोचन, बाल प्रतियोगिताएँ और पैनल चर्चाएँ आयोजित होंगी। प्रत्येक पुस्तक पर कम से कम 10% की छूट दी जाएगी।

संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि फोर्सवन बुक्स द्वारा पिछले दो दशकों से लखनऊ, प्रयागराज, आगरा और गोरखपुर में सफलतापूर्वक पुस्तक मेलों का आयोजन किया जा चुका है। मेले में राजकमल प्रकाशन, राजपाल एंड संस, गीता प्रेस, लोकभारती प्रकाशन, सस्ता साहित्य मंडल, हिन्द युग्म, सम्यक प्रकाशन, बोधरस प्रकाशन, प्रकाशन विभाग (भारत सरकार) सहित अनेक प्रमुख प्रकाशक भाग लेंगे। स्थानीय लेखकों के लिए निःशुल्क स्टॉल की विशेष व्यवस्था की गई है। कानपुर मेट्रो से आने वाले यात्रियों को विशेष छूट और लकी ड्रॉ में पुरस्कार पाने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन में ओरिजिंस, विजय स्टूडियो, किरन फाउंडेशन, सिटी एसेंस ट्रेड मित्र पत्रिका तथा कानपुर मेट्रो का विशेष सहयोग रहेगा।

वरिष्ठ पत्रकार श्रीधर अग्निहोत्री एवं डा. मनीष शुक्ला ने कहा कि यह मेला औद्योगिक नगरी कानपुर में शिक्षा, साहित्य और संस्कृति के पुनर्जागरण का प्रतीक बनेगा। अंत में आयोजकों ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों से इस ज्ञान और संस्कृति के उत्सव में सम्मिलित होने की अपील की।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *