-
हरियाणा विधानसभा की लोक उपक्रम समिति का उत्तर प्रदेश अध्ययन दौरा, विधानसभा अध्यक्ष से की शिष्टाचार भेंट
लखनऊ। हरियाणा विधानसभा की लोक उपक्रम समिति (Committee on Public Undertakings) के सदस्यों ने आज उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की।
श्री महाना ने समिति का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया और कहा कि विधानमंडलों के बीच अध्ययन व संवाद लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती का प्रतीक हैं। इस प्रकार के दौरे न केवल आपसी अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि सुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में बेहतर नीतियों के निर्माण में भी सहायक सिद्ध होते हैं। श्री महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा ने भी सार्वजनिक उपक्रमों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा विधानसभा की समिति का यह अध्ययन दौरा दोनों राज्यों की समितियों के बीच सहयोग और संवाद को और सुदृढ़ करेगा।
हरियाणा विधानसभा की लोक उपक्रम समिति के सभापति राम कुमार गौतम के नेतृत्व में आए इस दल में प्रमुख रूप से गीता भुक्कल और बलवान सिंह दौलतपुरिया सदस्य के रूप में मुख्य रूप से शामिल हैं।
समिति ने आज उत्तर प्रदेश विधानसभा की समकक्ष समिति के साथ सार्वजनिक उपक्रमों की कार्यप्रणाली एवं सुशासन से संबंधित विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति के सभापति मेजर सुनील दत्त द्विवेदी भी उपस्थित रहे। इसके उपरांत समिति ने उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन का भ्रमण किया। समिति का दल चार दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश आया हुआ है और अपने प्रवास के दौरान अयोध्या एवं वाराणसी का भी भ्रमण करेगा।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा की यह समिति राज्य के सभी सार्वजनिक उपक्रमों एवं निगमों की आय-व्यय, वित्तीय लेखा-विवरण, संतुलन पत्र (Balance Sheets) तथा लाभ-हानि विवरण (Profit & Loss Statements) की जांच करती है। समिति यह सुनिश्चित करती है कि संबंधित उपक्रमों का प्रबंधन ठोस व्यावसायिक सिद्धांतों और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था के अनुरूप हो।
NAGARIK SATTA