लखनऊ, 13 दिसम्बर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल कानपुर रोड कैम्पस द्वारा आयोजित सात दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय स्कूल क्रिकेट लीग ‘आईएससीएल-2025‘ का रंगारंग उद्घाटन षनिवार को सीएमएस कानपुर रोड स्टेडियम में मुख्य अतिथि प्रख्यात क्रिकेट खिलाड़ी एवं बीसीसीआई चयन समिति के सदस्य आर.पी सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर आर.पी सिंह ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन अपने आप में अत्यन्त रोचक है, जिसके लिए सिटी मोन्टेसरी स्कूल वास्तव में बधाई का पात्र है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह अन्तर्राष्ट्रीय टूर्नामेन्ट बहुत शानदार और रोचक होने वाला है। मैं युवा खिलाड़ियों से कहना चाहता हूँ कि प्रतिभा प्रदर्शन के साथ ही खेल भावना का भी प्रदर्शन करें।
आईएससीएल-2025 का आयोजन 13 से 19 दिसम्बर तक किया जा रहा है। विद्यालय स्तर की इस अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में आस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, नेपाल एवं भारत के विभिन्न राज्यों की 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
आईएससीएल-2025 की संयोजिका एवं प्रधानाचार्या आभा अनन्त ने कहा कि इस अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के माध्यम से एकता व शान्ति का सन्देश खेल मैदान से निकलकर सारे विश्व समाज में प्रवाहित होगा। आईएससीएल-2025 के उद्घाटन समारोह रंगारंग शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विश्व एकता व विश्व शान्ति के गीत गाते देश-विदेश के बाल खिलाड़ियों की उपस्थिति से गुंजायमान नजर आया। रोशनी एवं संगीत के सुन्दर तालमेल के बीच छात्रों ने भारतीय संस्कृति का आलोक बिखरते सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उद्घाटन समारोह के उपरान्त आईएससीएल-2025 का पहला उद्घाटन मैच सायं 6.00 बजे से सीएमएस कानपुर रोड स्टेडियम में मेजबान स्टालियन एवं ओवरबर्ग इगल्स (दक्षिण अफ्रीका) के बीच खेला गया।
आईएससीएल-2025 अन्तर्राष्ट्रीय टी-20 प्रतियोगिताओं में क्रिकेट लीग के अन्तर्गत कल 14 दिसम्बर रविवार को कुल 8 मैच खेले जायेंगे, जिनमें प्रातः 9.30 बजे से मैम्स एलाइट टाइगर्स (मैम्स उत्तराखंड) एवं डीएवी रिन्होस (डीएवी नेपाल) की टीमें सीएमएस स्टेडियम में एक-दूसरे भिड़ेंगी जबकि इसी समय पार्थ स्टेडियम में धांगधी ड्रीमर्स (एसपीए नेपाल) एवं आरसीए सुपर स्टार्स (श्रीलंका) एवं स्पोर्टस गैलेक्सी ग्राउण्ड-बी में एस्टर नाइट (एस्टर नोएडा) एवं साउथ जोन टाइटंस (वेल्स तमिलनाडु) की टीमें एक-दूसरे के सामने होंगी। इसी प्रकार, अगले तीन मैच अपरान्हः 2.00 से 5.00 बजे के तक सी.एम.एस. स्टेडियम में बाल भवन लायन्स (दिल्ली) एवं हैदराबादी नवाब (हैदराबाद) के बीच, पार्थ स्टेडियम में ओवरबर्ग इगल्स (दक्षिण अफ्रीका) एवं ग्लोबल माइटी (जी बी स्कूल, नेपाल) के बीच एवं स्पोर्टस गैलेक्सी ग्राउण्ड-बी में सी.एम.एस. स्टालियन एवं सिक्स सुपर जाइन्ट्स (कोलकाता) के बीच खेले जायेंगे। इसके अलावा, दिन-रात्रि का पहला मैच सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक सी.एम.एस. स्टेडियम में एस.जी.वी.पी. ग्लेडिएटर्स (गुजरात) एवं डी.ए.वी. सुपर किंग्स, अमृतसर (पंजाब) एवं दूसरा मैच आस्ट्रेलियन ज्वाएस (आस्ट्रेलिया) एवं डी.ई.वी. स्मैशर्स (बिहार) के बीच खेला जायेगा।
NAGARIK SATTA
