-
मुख्यालय एवं जनपदीय सूचना अधिकारियों की हुई एक दिवसीय कार्यशाला
-
नई ऊर्जा के साथ कार्य करें अधिकारी, डिजिटल एवं आधुनिक तकनीक से बेहतर होगा प्रचार प्रसार
विशाल सिंह, निदेशक सूचना
लखनऊ, 13 दिसम्बर। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सूचना निदेशालय के सभागार में सभी जनपदीय एवं मुख्यालय के अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर निदेशक सूचना ने विभाग की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने, विभागीय कार्यप्रणाली में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को और प्रभावी एवं तथ्यपरक ढंग से जनमानस तक पहुँचाने के निर्देश दिये।
निदेशक सूचना ने कहा कि सूचना विभाग को अपनी ऊर्जा, आत्मविश्वास और नेतृत्वकारी भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। सभी अधिकारी अपने अपने जनपदों में सजग होकर पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए सरकार के विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करें। प्रचार प्रसार के सभी माध्यमों का उपयोग करते हुए एवं आधुनिक तकनीक अपनाकर व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाये। विगत 08 वर्षों में जनपदों में प्रदेश सरकार द्वारा कराये गये विकास कार्याे की सही जानकारी लोगों तक पहुंचायी जाय, जिससे लोगों में सरकार के नीतियों के प्रति किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
अपर निदेशक अरविन्द कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनपदों में किये जा रहे विकास कार्यों, योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित सक्सेज स्टोरी, लेख आदि के माध्यम से भी प्रचार प्रसार किया जाय। उन्होंने कहा कि जनपदीय कार्यालयों को और सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ किया जायेगा, जिससे कार्य करने में कोई असुविधा न हो। साथ ही सभी अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी लोग पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य करें। आम जनमानस को सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक मिल सके।
कार्यशाला में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह ने विभागीय बजट एवं वित्तीय प्रावधानों एवं नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सहायक निदेशक चन्द्र मोहन द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक, अनुराग प्रसाद, सतीश चन्द्र भारती, जितेन्द्र प्रताप सिंह, चन्द्र विजय वर्मा, अमित यादव सहित जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
NAGARIK SATTA