Breaking News

हर जिले में कलाकारों को मंच देने की तैयारी, ‘एक जनपद-एक कला’ को बढ़ावा देंगे योगी

  • संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री के अहम निर्देश, रिक्त पद जल्द भरने और पुरस्कार राशि बढ़ाने को स्वीकृति

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोककलाओं के संरक्षण, कलाकारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने के लिए योगी सरकार नई पहल को आगे बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न शहरों और जनपदों में सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने, ‘एक जनपद-एक कला’ (ओडीओए) को प्राथमिकता देने तथा उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अकादमी के पुरस्कारों की धनराशि बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है। लोककलाओं को केवल लुप्त होने से बचाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें कलाकारों की आजीविका, पहचान और गौरव का आधार बनाना होगा।

  • हर जिले में नियमित सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने पर जोर

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों और जनपदों में प्रतिदिन अथवा कम से कम सप्ताह में एक दिन किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थान या चौराहे पर कलाकारों की प्रस्तुतियां आयोजित करने का प्रयास किया जाए। इसके लिए ऐसे स्थानों का चयन हो, जहां यातायात बाधित न हो और दर्शकों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। उन्होंने संस्कृति विभाग को ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने को कहा। इन कार्यक्रमों में संगीत, नाट्य प्रस्तुतियों, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और विभिन्न लोककलाओं को स्थान दिया जाए, ताकि स्थानीय कलाकारों को मंच मिल सके और आमजन अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकें। योगी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद की अपनी विशिष्ट कला और सांस्कृतिक पहचान है। अनुभवी कलाकारों के सहयोग से इन परंपराओं को सामने लाने की जरूरत है।

  • ‘एक जनपद-एक कला’ को मिलेगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) की तर्ज पर ‘एक जनपद-एक कला’ कार्यक्रम को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है, उसी तरह प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को भी पहचान और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय कलाओं को आर्थिक गतिविधियों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना आवश्यक है। इसके लिए संगीत नाटक अकादमी, भारतेंदु नाट्य अकादमी, बिरजू महाराज कथक संस्थान, राज्य ललित कला अकादमी और अन्य सांस्कृतिक संस्थाओं को मिलकर प्रदेशभर के कलाकारों को एक मंच पर लाने का प्रयास करना चाहिए।

  • संगीत नाटक अकादमी में रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी में मानव संसाधन की कमी दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए बोर्ड अथवा समिति गठित कर चयन प्रक्रिया पूरी की जाए। चयनित अभ्यर्थियों को नियमानुसार वेटेज और आयु सीमा में छूट देने पर भी विचार किया जा सकता है। संस्थान की गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए रिक्त पदों को शीघ्र भरना आवश्यक है। इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने बताया कि अकादमी पुरस्कारों की धनराशि बढ़ाने के संबंध में मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे उन्होंने स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के कलाकारों में उत्साह का माहौल है।

  • 75 जिलों में कार्यशालाएं, 24 केंद्रों पर संगीत प्रतियोगिताएं

मुख्यमंत्री ने अकादमी की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में ग्रीष्मकालीन कार्यशालाओं का आयोजन नई पीढ़ी को कला से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, 24 केंद्रों पर शास्त्रीय एवं सुगम संगीत की प्रतियोगिताओं से प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें प्रोत्साहित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि अवध संध्या, घराना कार्यक्रम, नमन, यादें और पुष्पांजलि जैसे आयोजनों ने वरिष्ठ कलाकारों की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया है। राज्य सरकार वरिष्ठ कलाकारों के सम्मान, लोक कलाकारों के संरक्षण और युवा प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कलाकारों को मानदेय, वरिष्ठ प्रतिभाओं को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान और विभिन्न सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

  • उत्तर प्रदेश की संगीत परंपरा को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत भारतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। लखनऊ, बनारस, आगरा, किराना, रामपुर-सहसवान, शाहजहांपुर और इटावा जैसे संगीत घरानों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को अलग-अलग शैली और पहचान दी है। उन्होंने पंडित बिरजू महाराज और गुरु लच्छू महाराज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान गुरुओं ने कथक को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। पद्म विभूषण से सम्मानित गिरिजा देवी की ठुमरी और बेगम अख्तर की गजल गायकी ने प्रदेश की संगीत विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री ने ध्रुपद, ठुमरी, दादरा, टप्पा, कजरी, चैती और होरी जैसी संगीत विधाओं को सांस्कृतिक विविधता का परिचायक बताया। ब्रज की रासलीला और संकीर्तन, अवध की रामलीला, पूर्वांचल का बिरहा, कजरी और सोहर तथा बुंदेलखंड का आल्हा और राई प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं के महत्वपूर्ण अंग हैं।

  • लोककलाएं भारत की सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला

योगी ने कहा कि लोककला और लोकगाथाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी भारत की सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हमारी लोक परंपराओं ने देश की पहचान, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक गौरव को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सुरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि किसी लोकधुन का समाप्त होना केवल संगीत की एक विधा का लुप्त होना नहीं है, बल्कि उससे जुड़ी स्मृतियों, परंपराओं और पीढ़ियों के अनुभव का भी खो जाना है। इसलिए लोककलाओं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों को पर्याप्त संरक्षण एवं प्रोत्साहन देना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत पर गर्व’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए अपनी हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव का भाव आवश्यक है। योग, आयुर्वेद, भारतीय संगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाएं भारत की वैश्विक पहचान तथा सॉफ्ट पावर का महत्वपूर्ण आधार बन रही हैं।

  • तकनीक के साथ सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें युवा

मुख्यमंत्री ने युवा कलाकारों से डिजिटल माध्यमों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नए प्रयोग जरूरी हैं, लेकिन कलाकारों को अपनी मिट्टी की सुगंध, लोकधुन, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय कला की आत्मा बताते हुए कहा कि गुरु शिष्य को केवल सुर, ताल और अभिनय की तकनीक ही नहीं सिखाता, बल्कि अनुशासन, धैर्य, समर्पण और साधना के संस्कार भी देता है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न वाद्य यंत्रों की जानकारी प्राप्त की और कलाकारों की प्रस्तुतियां देखीं। अकादमी की यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, उपाध्यक्ष विभा सिंह, निदेशक राज कुमार तथा पद्मश्री पुरस्कार विजेता गायिका मालिनी अवस्थी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सीएमएस विज्ञान मेले का किया उद्घाटन, बाल वैज्ञानिकों का बढ़ाया उत्साह

पूर्व छात्र के रूप में विद्यालय पहुंचे थे वायुसेना प्रमुख अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु …

भारत-ईयू संबंधों को मिलेगी गतिः नीदरलैंड, बुल्गारिया के समकक्षों से मिले जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *