- मेरठ में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तीन बड़ी घोषणाएं, शहीद के आश्रितों को गृह जनपद में मिलेगी सरकारी नौकरी
मेरठ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीद परिवारों के हित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र और अशोक चक्र समेत विभिन्न वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त सम्मान राशि और वार्षिकी को दोगुना करने का ऐलान किया। इसके साथ ही शहीद सैनिकों के आश्रितों को घर खरीदने या बनवाने के लिए 50 लाख रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट देने और शहीद के एक आश्रित को गृह जनपद या निकटवर्ती जिले में सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा तथा कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान उन्होंने प्रदेश के आठ जिलों में 27.50 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का लोकार्पण भी किया।
- वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त राशि और वार्षिकी होगी दोगुनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र सहित विभिन्न वीरता पुरस्कारों की एकमुश्त राशि तथा वार्षिकी को दोगुना करेगी। इसके दायरे में सेना मेडल, सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल जैसे सम्मान भी शामिल हैं। परमवीर चक्र विजेता को मिलने वाली 52 लाख की एकमुश्त राशि और 3.12 लाख की वार्षिकी को दोगुना किया जाएगा। इसी तरह महावीर चक्र (31 लाख एकमुश्त और 2.37 लाख वार्षिकी), वीर चक्र (20.80 लाख एकमुश्त और 1.37 लाख वार्षिकी), अशोक चक्र (32.50 लाख एकमुश्त और 1.50 लाख वार्षिकी), कीर्ति चक्र (19.50 लाख एकमुश्त और 1.30 लाख वार्षिकी) और शौर्य चक्र (13 लाख एकमुश्त और 65 हजार वार्षिकी) सहित सेना मेडल, सर्वाेत्तम युद्ध सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल की पुरस्कार राशि दोगुनी की जाएगी।
इस फैसले का उद्देश्य देश की रक्षा में असाधारण वीरता और पराक्रम का प्रदर्शन करने वाले सैनिकों तथा उनके परिवारों को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत सहायता प्रदान करना है।
- शहीद परिवारों को 50 लाख रुपये तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट
मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को बड़ी राहत देते हुए संपत्ति की खरीद या मकान निर्माण से संबंधित स्टांप ड्यूटी छूट की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने की घोषणा की। इस कदम से पात्र पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को घर खरीदने या बनाने में आर्थिक राहत मिलेगी। सरकार का उद्देश्य सैनिक परिवारों को आवास संबंधी जरूरतों में सहायता देना और उनके पुनर्वास को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
- शहीद के आश्रित को गृह जनपद या नजदीकी जिले में मिलेगी नौकरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीसरी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि शहीद सैनिक के एक आश्रित को अब उसके गृह जनपद अथवा निकटवर्ती जिले में सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सैनिक कल्याण विभाग विभिन्न सरकारी विभागों से रिक्त पदों का विवरण प्राप्त करेगा, ताकि पात्र आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। इस फैसले से शहीद परिवारों को रोजगार के साथ अपने घर और परिवार के निकट रहने की सुविधा भी मिल सकेगी।
- पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीर सैनिकों की भूमि है और प्रदेश सरकार सैनिकों के सम्मान तथा उनके परिवारों की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से पहले शहीद परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है। उनके अनुसार, अब तक 150 शहीद परिवारों को 59.50 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व सैनिकों के लिए समूह ‘ख’ के पदों पर पांच प्रतिशत आरक्षण तथा अग्निवीरों के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, कारागार और वन विभाग में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
- आठ जिलों में नए सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण
पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने औरैया, अमेठी, गोरखपुर, चंदौली, शामली, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और सोनभद्र में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों का लोकार्पण किया। इन भवनों का निर्माण 27.50 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। कार्यालयों में आवासीय और विश्राम संबंधी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। कार्यक्रम में ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इस पुस्तक में उत्तर प्रदेश के अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्मानित सैनिकों की वीरता और बलिदान का विवरण शामिल है।
- वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के परिजनों को चेक और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मेजर अमित शर्मा की पत्नी आर्ची सिंह, मेजर केतन शर्मा की माता ऊषा शर्मा, कीर्ति चक्र विजेता सिपाही अजमेर अली की पत्नी अबरीशा खातून, सैपर सतीश कुमार की पत्नी विमलेश देवी और शौर्य चक्र विजेता अनिल कुमार तोमर की पत्नी मीनू तोमर सहित अन्य वीर नारियां शामिल रहीं। इसके अलावा पूर्व सैनिक लांस नायक प्रियपाल सिंह और राइफलमैन हरबीर सिंह को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सैनिकों के शौर्य, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनके योगदान को देश की अमूल्य धरोहर बताया।
- रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सैनिकों के सम्मान पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत अपनी सेना को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने वन रैंक वन पेंशन योजना, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के पद की स्थापना और रक्षा उत्पादन में बढ़ती आत्मनिर्भरता का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण और लखनऊ तथा कानपुर में एके-203 राइफल के पुर्जों के उत्पादन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश रक्षा उत्पादन और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने मेरठ में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी कनेक्टिविटी परियोजनाओं तथा मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, मध्य कमान के जीओसी-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा, मेजर जनरल सुमित राणा, मेजर जनरल अनुपम अग्रवाल, मंत्री दिनेश खटीक, मेरठ के सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और एमएलसी अश्वनी त्यागी समेत सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक और शहीद परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के आर्थिक सहयोग, सम्मान तथा पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
NAGARIK SATTA
