-
सचिवालय के तिलक हाल में हुआ भव्य आयोजन
लखनऊ। भारत के सपूत राष्ट्र गौरव ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ल (अंतरिक्ष यात्री) के पिता एवं सचिवालय परिवार के सदस्य शंभू दयाल शुक्ल निजी सचिव (से.नि.) एवं माता आशा शुक्ला को आज तिलक हाल में सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन एवं सचिवालय प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग श्रीनिवास लू एवं विशेष सचिव गौरव वर्मा की उपस्थिति एवं सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शुभांशु शुक्ला की मां ने कहा बच्चों को संस्कारी तो बनाया जाए किंतु उन्हें खुले आसमान में अपने पंख फैला कर अपने अनुसार जीवन की राह चुनने का अवसर प्रदान किया जाना चाहिए। श्री शुक्ला द्वारा भी बच्चों को स्वविवेक से अपनी राह चुनने तथा अपना भविष्य बनाने का अवसर प्रदान किए जाने की बात कही गई।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए सचिव सचिवालय प्रशासन विभाग ने भी बच्चों को मेरिट के लिए दबाव न डालने की बात कही। श्रीनिवास शुक्ला द्वारा राष्ट्र गौरव शुभांशु शुक्ला के माता-पिता को अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं संगठन के अध्यक्ष पीके शर्मा एवं उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश व राधेश्याम ओझा द्वारा प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया।
संगठन के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्निहोत्री एवं महामंत्री ओंकार नाथ तिवारी द्वारा भी अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सचिवालय के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी माल्यार्पण कर स्वागत किया। शशिकांत शुक्ला द्वारा श्रीमद् भागवत गीता भेंट की गई।
कार्यक्रम के पश्चात संगठन के पदाधिकारी ओंकार नाथ तिवारी व गोपी कृष्ण श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में संगठन के सचिव एनपी त्रिपाठी द्वारा कार्यक्रम के आयोजन में मुख्य भूमिका निभाने वाले उप सचिव श्री जयशंकर प्रसाद व व्यवस्था अधिकारी कनिष्क सिंह सहित सभी आगंतुक साथियों का आभार व्यक्त किया गया.
NAGARIK SATTA