Breaking News

वर्ल्ड एक्सपो 2025, ओसाका (जापान) में उत्तर प्रदेश का निवेश गंतव्य के रूप में प्रभावशाली प्रदर्शन

  • वर्ल्ड एक्सपो में ग्रीन हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा, वैश्विक साझेदारी व निवेश पर रहेगा ज़ोर

ओसाका। जापान के ओसाका में चल रहे वर्ल्ड एक्सपो 2025 में उत्तर प्रदेश ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए वैश्विक मंच पर भारत की विकास गाथा को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। उत्तर प्रदेश पवेलियन निवेशकों, प्रतिनिधियों और अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना गया है।

राज्य के इस प्रभावशाली प्रदर्शन की सराहना करते हुए, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) ने उत्तर प्रदेश प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और उनके सराहनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया। उत्तर प्रदेश प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया। उनके साथ प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन, आलोक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह और विशेष सचिव विपिन कुमार जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मिलकर प्रदेश की औद्योगिक, तकनीकी और निवेश क्षमताओं को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया।

यूपी पवेलियन में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन हाइड्रोजन, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने जापान के साथ सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई, और यामानाशी प्रांत के साथ पूर्व में हुए सम्झौता ज्ञापनों (एमओयू) का उल्लेख किया जो उद्योग, पर्यटन एवं व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगा।

प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब जापान के सानो शहर के महापौर युताका कानेको उत्तर प्रदेश पवेलियन में पहुंचे। इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उत्तर प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों तथा निवेश अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई। महापौर कानेको प्रदेश की निवेश अनुकूल नीतियों से प्रभावित हुए और भविष्य में सहयोग की इच्छा जताई।

इसके अतिरिक्त जर्मन पवेलियन के प्रतिनिधियों ने भी यूपी मंडप का दौरा किया और भारत के साथ छात्र विनिमय कार्यक्रम पर चर्चा की। प्रारंभिक बातचीत में इन्वेस्ट यूपी की टीम के साथ संपर्क विवरण साझा किए गए, जिससे भविष्य में शैक्षणिक और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

वर्ल्ड एक्सपो 2025 में उत्तर प्रदेश की भागीदारी राज्य की आर्थिक विकास, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। वैश्विक मंच पर रणनीतिक साझेदारियों, व्यापार संवाद, स्टूडेंट एक्सचेंज और क्षमतावर्धन पहलों के माध्यम से उत्तर प्रदेश ने समावेशी, सतत और भविष्य उन्मुख विकास की अपनी दृष्टि को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है।

About Nagarik Satta

Check Also

भारत ने उठाई छोटे देशों की आवाज, जन-केंद्रित कूटनीति पर जोर

सेंट जॉन्स। कैरेबियाई द्वीप देश एंटीगुआ और बारबुडा के सेंट जॉन्स में आयोजित राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों …

ग्रीन एनर्जी का प्रमुख केंद्र बनेगा उत्तर प्रदेश, समिट में मंत्री ए.के. शर्मा ने पेश किया विजन

सौर ऊर्जा, बायोएनर्जी और सीबीजी परियोजनाओं के विस्तार पर जोर, निवेश और रोजगार सृजन को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *