Breaking News

विदेश राज्य मंत्री का एस्वातिनी और लेसोथो दौरा, संबंध प्रगाढ़ करने पर चर्चा

मेसेरु। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा अपने अफ्रीकी दौरे के दूसरे चरण में 20 जुलाई को लेसोथो की राजधानी मेसेरु पहुंचे, जहां लेसोथो के विदेश एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के प्रधान सचिव ने उनका स्वागत किया। अपने इस दौरे के दौरान राज्य मंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से बैठकें की और साथ ही लेसोथो में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात भी की। मार्गेरिटा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा लेसोथो पर्वतीय राष्ट्र के मेसेरु शहर पहुंचा। लेसोथो के विदेश एवं अंतर्राष्ट्रीय संबंध विभाग के प्रधान सचिव, थबांग लेखेला द्वारा हार्दिक स्वागत किया गया। द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए नेतृत्व के साथ जुड़ने की आशा है।

लेसोथो में मार्गेरिटा का राजा लेत्सी तृतीय और प्रधानमंत्री सैमुअल मटेकेन से शिष्टाचार भेंट करने का कार्यक्रम है। वह विदेश और अंतर्राष्ट्रीय संबंध मंत्री के साथ-साथ सूचना, संचार, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, शिक्षा एवं प्रशिक्षण तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री सहित कई प्रमुख मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इससे पहले राज्य मंत्री ने एस्वातिनी की अपनी सफल यात्रा संपन्न की थी, जहां उन्होंने इस अफ्रीकी देश के राजा मस्वाती तृतीय सहित कई शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर चर्चा की।

मार्गेरिटा ने एक्स पोस्ट में लिखा एस्वातिनी साम्राज्य के विदेश मंत्री, फोलिले दलामिनी शाकांतू से मिलकर प्रसन्नता हुई। भारत-एस्वातिनी संबंधों के सभी पहलुओं पर गहन और उपयोगी चर्चा हुई। हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने के लिए तत्पर हैं। मार्गेरिटा ने प्रधानमंत्री रसेल मिमिसो दलामिनी और कई अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ भी बैठकें की, जहां दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

विदेश राज्य मंत्री की अफ्रीकी महाद्वीप की बहु-राष्ट्र आधिकारिक यात्रा, अफ्रीकी देशों के साथ भारत के व्यापक राजनयिक जुड़ाव का हिस्सा है और इसका उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करना एवं साझेदारी के नए रास्ते तलाशना है। इसके बाद मार्गेरिटा 23-25 जुलाई के बीच दक्षिण अफ्रीका की यात्रा करेंगे, जहां वह आगामी जी20 विकास मंत्रिस्तरीय बैठकों में भाग लेने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

About Nagarik Satta

Check Also

ट्यूनीशिया फिल्म फेस्ट में भारत की धूम, शॉर्ट फिल्म ‘तोयज’ ने जीता पुरस्कार

ट्यूनिस। ट्यूनीशिया में आयोजित ‘जेर्बा इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ विमेन एंड यूथ सिनेमा’ के 12वें संस्करण …

यूरोप के साथ भारत के गहरे होते रिश्ते

नई दिल्ली। वैश्विक उथल-पुथल और जटिल अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच भारत और ऑस्ट्रिया ने अपने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *