Breaking News

दंगामुक्त प्रदेश इनसे नहीं हो रहा बर्दाश्त: डिप्टी सीएम

  • फतेहपुर घटना पर अखिलेश के बयान को लेकर डिप्टी सीएम का पलटवार

लखनऊ, 11 अगस्त। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में हुई घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने तीखा पलटवार किया है। पाठक ने अखिलेश पर भ्रामक और समाज को बांटने वाले बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की ‘फूट डालो, हुकूमत करो’ की नीति ने दशकों तक देश और प्रदेश को धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर विभाजित किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपने बयानों के जरिए केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि बीजेपी कभी भी नफरत फैलाने की राजनीति नहीं करती। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी सरकार का विजन ‘तुष्टिकरण किसी का नहीं, संतुष्टिकरण सबका’ है। बीजेपी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के हित में लोक कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार के साढ़े आठ साल के शासन में दंगों को पूरी तरह नियंत्रित किया गया है, जो सपा को सहन नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि अखिलेश और उनके सहयोगी बार-बार ऐसी बयानबाजी करते हैं, जिससे सामाजिक तानाबाना टूटने का खतरा पैदा होता है।

फतेहपुर के अबू नगर में हुई घटना को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। दोनों पक्षों को तथ्यों से अवगत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि 10 पुलिस स्टेशनों की टीमें, पीएसी और प्रशासन की तैनाती से शांति और एकता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने दावा किया कि फतेहपुर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुरानी संरचना पर दावा करने वाले लोग शांतिपूर्ण तरीके से तितर-बितर हो गए हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से राजनीतिक रोटियां सेंकना बंद करने की अपील की।

डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर हिंदू-मुस्लिम विवाद को बढ़ावा देकर वोट बैंक मजबूत करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के नेता अफवाहें फैलाकर अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि बीजेपी समाज को जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी का लक्ष्य हर हाल में कानून का राज स्थापित करना और सुशासन को बढ़ावा देना है।

डिप्टी सीएम ने बीजेपी सरकार की शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा का पुनर्जागरण हुआ है। उन्होंने बताया कि इस साल के ‘स्कूल चलो अभियान’ में 27 लाख से ज्यादा नए बच्चों का नामांकन हुआ है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत ₹11,500 करोड़ के निवेश से 96% स्कूलों में पेयजल, टॉयलेट, बिजली, ब्लैकबोर्ड, फर्नीचर और क्लासरूम मरम्मत जैसी 19 बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा, अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत सभी 18 मंडलों में विद्यालय शुरू हो चुके हैं, जहां 18,000 से ज्यादा श्रमिक और अनाथ बच्चों को मुफ्त आवासीय शिक्षा, खेल, लैब और स्किल ट्रेनिंग प्रदान की जा रही है।

ब्रजेश पाठक ने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा राज में शिक्षा का पतन हुआ था। उन्होंने 2015 के अखबारों का हवाला देते हुए दावा किया कि सपा सरकार के दौरान 3.45 करोड़ बच्चे स्कूल से वंचित थे। इसके विपरीत, बीजेपी सरकार शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है और स्कूलों को आधुनिक बना रही है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव के बयानों को समाज में अशांति फैलाने की कोशिश करार देते हुए कहा कि बीजेपी सरकार कानून-व्यवस्था और सामाजिक एकता को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह ऐसी बयानबाजी से बचें, जो प्रदेश की शांति और विकास को नुकसान पहुंचाए।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *