Breaking News

स्वदेशी मॉडल से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प: योगी

  • मुख्यमंत्री ने विधान भवन पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को दी बधाई

  • हेलिकॉप्टर से की गई फूलों की वर्षा, समारोह में उपस्थित जनसमूह में दिखा जबरदस्त उत्साह

लखनऊ, 15 अगस्त। भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विधान भवन के सामने आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी। सीएम योगी ने स्वाधीनता संग्राम के नायकों को नमन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छंदता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति संकल्प और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का महापर्व है। सीएम ने भारतीय सेना के शौर्य, स्वदेशी मॉडल की ताकत और उत्तर प्रदेश की प्रगति को रेखांकित करते हुए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।

  • सीएम योगी ने स्वाधीनता संग्राम के नायकों को दी श्रद्धांजलि

सीएम योगी ने कहा कि अनगिनत क्रांतिकारियों, स्वाधीनता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान ने देश को सैकड़ों वर्षों की गुलामी से मुक्त कराया। इस दौरान सीएम योगी ने महात्मा गांधी, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और अन्य ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन किया। उन्होंने स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले जवानों को आभार प्रकट किया। सीएम योगी ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना के शौर्य और स्वदेशी हथियारों की ताकत की सराहना की, जिसने विपरीत परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर भारत की एकता और अखंडता को संरक्षित किया। सीएम ने कहा कि लखनऊ में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल और स्वदेशी ड्रोन ने वैश्विक स्तर पर भारत की सामर्थ्य का लोहा मनवाया है।

  • स्वतंत्रता स्वच्छंदता नहीं, कर्तव्यों का महापर्व है

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि स्वतंत्रता का मतलब उच्चचिलता और स्वच्छंदता नहीं, बल्कि हर भारतवासी के लिए हर प्रदेशवासी के लिए अपने कर्तव्यों के साथ संकल्पित होने का एक महापर्व है। उन्होंने कहा कि हर भारतवासी और उत्तर प्रदेशवासी को अपने समाज, प्रदेश और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता के शताब्दी महोत्सव 2047 के लिए दिए गए विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यदि हर नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन करे, तो यह संकल्प शीघ्र साकार होगा और भारत 2047 तक विश्व की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेग।

सीएम योगी ने पिछले 11 वर्षों में भारत की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जो अब चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने स्वदेशी मॉडल और मेक इन इंडिया पहल की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में प्रयुक्त स्वदेशी मिसाइलों और ड्रोनों ने न केवल भारत की रक्षा क्षमता को साबित किया, बल्कि वैश्विक स्तर पर स्वदेशी तकनीक की ताकत का एहसास कराया। सीएम ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से देश का धन देश में रहेगा, जिससे कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने उपहार और दैनिक उपयोग की वस्तुओं को स्वदेशी खरीदने का आह्वान किया, ताकि भारत की आर्थिक समृद्धि बढ़े।

  • निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की

निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। सीएम ने बताया कि 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश जमीनी स्तर पर उतरे, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला। पिछले आठ वर्षों में 8.30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां और 1 करोड़ 62 लाख युवाओं को एमएसएमई सेक्टर में रोजगार प्रदान किया गया। सीएम युवा उद्यमी स्कीम के तहत 21-40 वर्ष के युवाओं को 5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त, गारंटी मुक्त लोन और 10% मार्जिन मनी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें 70,000 युवा जुड़े हैं। 96 लाख एमएसएमई इकाइयों को 5 लाख रुपये की सुरक्षा बीमा और जीएसटी देने वाले व्यापारियों को 10 लाख रुपये की व्यापारी कल्याण बीमा दी जा रही है।

सीएम योगी ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) और वोकल फॉर लोकल अभियानों को उत्तर प्रदेश की सफलता का आधार बताया।

  • कृषि क्षेत्र में उठाए गए क्रांतिकारी कदम

कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सीएम ने बताया कि 1996-2017 तक जितना गन्ना भुगतान हुआ, उससे अधिक 2,86,000 करोड़ रुपये पिछले आठ वर्षों में किसानों के खातों में पहुंचे। दलहन, तिलहन, आलू, ज्वार, बाजरा, मकई, धान, गेहूं, गन्ना और एथेनॉल उत्पादन में उत्तर प्रदेश अग्रणी है। हॉर्टिकल्चर और सब्जी उत्पादन में भी व्यापक संभावनाएं हैं। अन्नदाता किसानों के लिए 5 लाख रुपये की मुख्यमंत्री कृषक कल्याण बीमा, वन्य जीव संघर्ष या सर्पदंश में 4 लाख रुपये की सहायता और मुफ्त ट्यूबवेल कनेक्शन जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। लखनऊ में चौधरी चरण सिंह के नाम पर सीड पार्क का निर्माण किया जा रहा है।

  • शिक्षा और स्वास्थ्य में हुए बेहतर सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 1 लाख 36 हजार विद्यालयों का कायाकल्प हुआ। 18 अटल आवासीय विद्यालय, सीएम कॉम्पोजिट विद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को मजबूत किया गया। प्रोजेक्ट अलंकार से जर्जर विद्यालय डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास में बदले। सीएम पोषण मिशन और आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री-प्राइमरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्वास्थ्य में, 1947-2017 तक 40 मेडिकल कॉलेज बने, लेकिन पिछले आठ वर्षों में 40 नए मेडिकल कॉलेज और 2 एम्स स्थापित किए गए। हर जनपद में डायलिसिस और ब्लड ट्रांसफ्यूजन सुविधा उपलब्ध है। टीबी मुक्त अभियान से 7,700 ग्राम पंचायतें मुक्त हुईं।

  • इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में यूपी में दिख रहा बदलाव

इंफ्रास्ट्रक्चर में उत्तर प्रदेश ने सात एक्सप्रेसवे, 16 एयरपोर्ट, मेट्रो और रैपिड रेल नेटवर्क स्थापित किए। जेवर में पांचवां इंटरनेशनल एयरपोर्ट निर्माणाधीन है। पर्यावरण संरक्षण के लिए 247 करोड़ वृक्षारोपण किए गए, जिससे फॉरेस्ट कवर बढ़ा। 17वीं विधानसभा में सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स पर विधानसभा में 36 घंटे लगातार चर्चा हुई थी, 18वीं विधानसभा में रातभर चर्चा हुई, यूपी में विधायिका कैसै काम करती है यह उसका एक मॉडल है जो उत्तर प्रदेश की प्रगति का आधार बनी है।

  • गरीब परिवारों को योजनाओं से जोड़कर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं

सीएम ने कहा कि 15 लाख गरीब परिवारों को योजनाओं से जोड़ा गया और रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। 2047 तक उत्तर प्रदेश को गरीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य है। बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए लखनऊ में उनके नाम पर इंटरनेशनल सेंटर और विशेष स्कॉलरशिप शुरू की जाएगी। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की भागीदारी 14% से बढ़कर 35% हुई, जिसे 50% तक ले जाया जाएगा।

About Nagarik Satta

Check Also

समावेशी विकास का बड़ा उदाहरण, भारतीय डिजिटल मॉडलः जयशंकर

न्यूयॉर्क। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों (सीएचओजीएम 2026) के कार्यकारी सत्र में …

एमपी इंटर कॉलेज से भाजपा ने निकाली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में उमड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *