-
मुख्यमंत्री ने मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उनकी स्मृतियों को किया नमन
-
खेल दिवस पर सीएम योगी ने 88 पदक विजेताओं को किया सम्मानित
-
मुख्यमंत्री ने सहायक खेल प्रशिक्षकों को प्रदान किया नियुक्ति पत्र
लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि हर खिलाड़ी अपने आप में समाज के लिए एक हीरो होता है। हर नागरिक को एक खिलाड़ी की तरह अपने राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से आगे बढ़ने, खेल जीवन के अनुशासन को बनाए रखने, समन्वय स्थापित करने और जीवन में उत्कृष्टता के लक्ष्य को प्राप्त करने के प्रयासों का हिस्सा होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता उत्तर प्रदेश के 88 खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि प्रदान की और सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। समारोह में खेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र पहनाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्व ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों सहित नेशनल गेम्स में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों में खेल अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण का लोकार्पण भी किया।
-
सीएम योगी ने यूपी की हॉकी विरासत को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हॉकी में अनेक दिग्गज दिए हैं। मेजर ध्यानचंद, के. डी. सिंह ‘बाबू’, मोहम्मद शाहिद, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आर. पी. सिंह, सुजीत कुमार, रजनीश मिश्रा, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एम. पी. सिंह, जगवीर सिंह, विवेक सिंह, राहुल सिंह, तुषार खांडेकर, दानिश मुर्तजा, ललित उपाध्याय, राजकुमार पाल, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव, रजनी जोशी, वंदना कटारिया, रितुषा कुमारी आर्या जैसे हॉकी खिलाड़ियों प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया। पेरिस ओलंपिक में भारतीय टीम को मेडल दिलाने वाले ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल उत्तर प्रदेश की ही देन हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद ब्रजलाल, संजय सेठ, विधायक जय देवी, योगेश शुक्ला, इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने प्रदेश के खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनिशप, नेशनल स्टेट गेम्स में एकल और टीम गेम में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से मदद कर रही है।
ओलंपिक में :
- एकल स्वर्ण ₹6 करोड़, रजत ₹4 करोड़, कांस्य ₹2 करोड़;
- टीम स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹2 करोड़, कांस्य ₹1 करोड़।
एशियन गेम्स में:
- स्वर्ण ₹3 करोड़, रजत ₹1.5 करोड़, कांस्य ₹75 लाख।
कॉमनवेल्थ गेम्स:
- स्वर्ण ₹1.5 करोड़, रजत ₹75 लाख, कांस्य ₹50 लाख।
वर्ल्ड चैंपियनशिप:
- स्वर्ण ₹1.5 करोड़, रजत ₹75 लाख, कांस्य ₹50 लाख।
नेशनल-स्टेट गेम्स:
- एकल स्वर्ण ₹6 लाख, रजत ₹3 लाख, कांस्य ₹2 लाख;
- टीम- स्वर्ण ₹2 लाख, रजत ₹1 लाख, कांस्य ₹50 हजार।
-
सीएम योगी ने इन परियोजनाओं का किया लोकार्पण
- आजमगढ़ के स्पोर्ट्स स्टेडियम में समर्पित छात्रावास भवन का जीर्णोद्धार,
- बस्ती के स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्मित छात्रावास भवन का लोकार्पण,
- पीलीभीत के बहुउद्देशीय क्रीड़ाहाल एवं प्रशासनिक भवन का जीर्णोद्धार,
- गोरखपुर के वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर वॉलीबाल हॉल का जीर्णोद्धार कार्य,
- बस्ती के स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्मित खेल अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार,
- बांदा के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिम उपकरणों की स्थापना का कार्य,
- मऊ में स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्मित खेल अवस्थापनाओं के जीर्णोद्धार कार्य, सिंथेटिक हॉकी मैदान के निर्माण कार्य का लोकार्पण।
NAGARIK SATTA
