लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफार्म लागू कर आम उपभोक्ताओं, मध्यमवर्गीय लोगों, व्यापारियों और राष्ट्रहित को सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि यह सुधार केवल कर ढांचे में बदलाव नहीं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और आमजन हितैषी बनाना है। जीएसटी सुधार देश के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक युगांतकारी फैसला है, जिसका प्रभाव भविष्य में अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव के रूप में सामने आएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने अनेक योजनाओं और निर्णयों से भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। जीएसटी की दरों में बदलाव से हर वर्ग के लोगों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रोटी, कपड़ा और मकान सहित रोजमर्रा की जरूरतों के सामान पर जीएसटी दरों में कमी करके जनता को बड़ी राहत दी है। यह बदलाव अचानक नहीं, बल्कि बीते 10 वर्षों से जारी सुधारों का परिणाम है।
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि इस परिवर्तन को समझने के लिए “शिशु बुद्धि” नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसी “कुशाग्र बुद्धि” चाहिए। यह निर्णय तात्कालिक राजनीति का हिस्सा नहीं, बल्कि दीर्घकालिक आर्थिक दृष्टि का प्रतीक है।
उन्होंने जीएसटी स्लैब में बदलावों का उल्लेख करते हुए बताया कि सीमेंट और लोहे-स्टील पर टैक्स दर कम होने से घर निर्माण की लागत घटेगी। टू-व्हीलर व फोर-व्हीलर पर जीएसटी घटने से वाहन आमजन के लिए सुलभ होंगे, जबकि होटल उद्योग को मिली टैक्स राहत से पर्यटन को नई मजबूती मिलेगी।
NAGARIK SATTA