Breaking News

भ्रष्टाचार के खिलाफ अब निर्णायक लड़ाई, व्यापारी न डरें: संदीप बंसल

  • राजधानी लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, 60 जनपदों के व्यापारी हुए शामिल

लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में संपन्न हुई। बैठक के मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री संदीप बंसल रहे। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल ने की। इस अवसर पर प्रदेश के 60 जनपदों से सैकड़ों व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि वर्तमान योगी सरकार कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सख्त है और आज प्रदेश में पहले से कहीं बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि अब वास्तविक लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है। व्यापारी किसी भी भ्रष्ट अधिकारी से न डरें, न घबराएं। यदि व्यापारी सही है तो कोई उसका बाल बांका नहीं कर सकता। संगठन हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ा है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे भ्रष्ट अधिकारियों की जानकारी निसंकोच संगठन को दें, ताकि उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई कराई जा सके।

  • स्वदेशी संकल्प यात्रा का निर्णय

बैठक में 12 जनवरी, स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के सहयोग से उत्तर प्रदेश के 40 जनपदों में स्वदेशी संकल्प यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यह यात्रा 12 जनवरी को लखनऊ से प्रारंभ होकर 1 फरवरी को हरदोई में संपन्न होगी। साथ ही सभी बाजारों में स्वदेशी संकल्प पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।

भारतीय नववर्ष भव्य रूप से मनाया जाएगा

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारतीय नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083) को, जो कैलेंडर अनुसार 19 मार्च से प्रारंभ होगा, प्रदेश के सभी जनपदों में अत्यंत भव्यता के साथ मनाया जाएगा

  • व्यापारियों से जुड़ी प्रमुख मांगें

बैठक में व्यापारी हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें शामिल हैं

  1. व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की नियमित मासिक बैठकें
  2. आग या् आपदा में दुकान नष्ट होने पर तत्काल मुआवजा
  3. जरूरतमंद व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस
  4. जीएसटी की अनावश्यक नोटिस व बिना शिकायत सर्वे/छापे बंद हों।
  5. सराय एक्ट समाप्त किया जाए
  6. गृहकर व जलकर की अनावश्यक नोटिस वापस ली जाए
  7. व्यापारियों को सरकारी योजनाओं से विधिवत जोड़ा जाए

इन मांगों को लेकर देश के सभी विधायकों को ज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही जीएसटी की खामियों को दूर करने, व्यापारी दिवस पूरे देश में मनाने और ऑनलाइन बाजार से मुकाबले के लिए नियामक आयोग या डिलीवरी चार्ज लगाए जाने की मांग को लेकर सांसदों को भी ज्ञापन सौंपा जाएगा।

  • संगठन विस्तार पर जोर

बैठक में युवाओं को अधिक से अधिक संगठन से जोड़ने तथा छह माह के भीतर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में संगठन की इकाइयां गठित करने का निर्णय लिया गया। संगठनात्मक ढांचे में परिवर्तन करते हुए विभिन्न बानों के प्रतिनिधियों को संगठन में उचित स्थान देने पर सहमति बनी।

बैठक में राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्रनाथ त्रिपाठी, प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम मरोडिया, युवा प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता, प्रदेश महामंत्री संगठन अनुपम अग्रवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश छाबलानी, युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, संगठन मंत्री जावेद बेग, महिला उपाध्यक्ष मधुलिका अग्रवाल, महिला महामंत्री बीनू मिश्रा सहित प्रदेश व जनपद स्तर के अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।

About Nagarik Satta

Check Also

यूपी में AI से बदलेगा बसों के संचालन का तरीका

30 करोड़ की परियोजना पर UPSRTC ने मांगी निविदा लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन …

एके शर्मा का कांग्रेस पर हमला, आपातकाल और 1984 हिंसा का किया जिक्र

गोरखपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गोरखपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *