Breaking News

कचरा कोई समस्या नहीं बस ऊर्जा, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर में बदलने की जरूरतः एके शर्मा

  • ग्रेटर नोएडा में इंडिया बायोएनर्जी टेक एक्सपो-2026 का भव्य शुभारंभ

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, बायोएनर्जी, निवेश और नवाचार को नई गति देने वाले ’इंडिया बायोएनर्जी टेक एक्सपो-2026’ का मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने देश-विदेश से आए विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाला राज्य बताया।

ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश में अग्रणी है। उन्होंने दावा किया कि पीएम सूर्य घर योजना, सीबीजी उत्पादन और रिकॉर्ड विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार के चलते उत्तर प्रदेश शांतिपूर्ण और बिजनेस फ्रेंडली राज्य के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।

  • निवेशकों से बोलेकृयूपी आइए, कहीं भी प्लांट लगाइए

ऊर्जा मंत्री ने देश-विदेश के निवेशकों और स्टेकहोल्डर्स से उत्तर प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, आप आइए और उत्तर प्रदेश में कहीं भी अपने प्लांट लगाइए। आज आपसे कोई भी उत्तर प्रदेश में गुंडा टैक्स नहीं मांगता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। सुरक्षित और निवेश अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए भरोसेमंद डेस्टिनेशन बनकर उभरा है।

  • बायोएनर्जी से किसानों की आय और ग्रामीण रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बायोएनर्जी के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था, गन्ना उत्पादन, कृषि अवशेष, जैविक अपशिष्ट और नगरीय ठोस कचरा बायोएनर्जी उत्पादन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराते हैं। इन संसाधनों के वैज्ञानिक और तकनीकी उपयोग से स्वच्छ ऊर्जा के साथ किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश स्वच्छ, हरित और सतत ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य नई ऊर्जा तकनीकों को प्रोत्साहन देना, बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक विकास को गति देना है।

  • कचरा कोई समस्या नहीं, अवसर के रूप में देखने की जरूरत

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि कचरे को समस्या के बजाय ’’ऊर्जा, रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर’’ के रूप में देखा जाए। सीबीजी, बायोगैस, बायोमास और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी तकनीकें स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ कचरा प्रबंधन और सर्कुलर इकोनॉमी को भी मजबूत कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि बायोएनर्जी में निवेश से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और कृषि अवशेषों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। इससे किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ेगी, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।

  • निवेश और नई तकनीक के लिए यूपी में व्यापक अवसर

ए.के. शर्मा ने कहा कि आईबीईटी एक्सपो जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों के सामने रखने का महत्वपूर्ण मंच हैं। प्रदेश सरकार निवेश, तकनीक, नवाचार और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का लक्ष्य केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि नई ऊर्जा तकनीक, निवेश और नवाचार के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनना है। बायोएनर्जी क्षेत्र में होने वाला निवेश ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।

  • 150 से अधिक कंपनियों ने लगाई प्रदर्शनी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) आशीष गोयल ने भी प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्टेकहोल्डर्स से बायोएनर्जी क्षेत्र में आगे आने और उत्तर प्रदेश में उपलब्ध निवेश संभावनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि आईबीईटी एक्सपो-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में किया जा रहा है। आयोजन में देश-विदेश के निवेशक, विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थान और उद्योग जगत के प्रतिनिधि एक मंच पर जुट रहे हैं।

इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने फीता काटकर 150 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा, नई तकनीक और नवाचार से जुड़े उत्पादों एवं समाधानों की जानकारी ली।

मंत्री ने ’भारत बायो एनर्जी कंपास’ वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। यह पहल बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े निवेशकों, उद्योगों, विशेषज्ञों और अन्य स्टेकहोल्डर्स को एक मंच पर जानकारी और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

आईबीईटी एक्सपो-2026 उत्तर प्रदेश की कृषि शक्ति, जैविक संसाधनों और ऊर्जा संभावनाओं को आधुनिक तकनीक, निवेश और नवाचार से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों की अतिरिक्त आय, ग्रामीण रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक विकास के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।

About Nagarik Satta

Check Also

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से की प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

यूपी की 374 ग्रामीण सड़कों के लिए 544.62 करोड़ मंजूर लखनऊ। केंद्रीय कृषि एवं किसान …

भारत ने उठाई छोटे देशों की आवाज, जन-केंद्रित कूटनीति पर जोर

सेंट जॉन्स। कैरेबियाई द्वीप देश एंटीगुआ और बारबुडा के सेंट जॉन्स में आयोजित राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *