-
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने हनवा ग्रुप को उत्तर प्रदेश में निवेश का दिया आमंत्रण
ओसाका। वैश्विक निवेश आकर्षित करने और आर्थिक सहयोग को मजबूती देने के उद्देश्य से, उत्तर प्रदेश का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड एक्सपो 2025 में सक्रिय प्रतिभाग कर रहा है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश को व्यापार, निवेश और पर्यटन के एक उभरते केंद्र के रूप में प्रस्तुत कर रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय निवेशकों में व्यापक रुचि देखी जा रही है।
अपनी जापान यात्रा के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने वाकायामा स्थित हनवा ग्रुप की उन्नत विनिर्माण इकाइयों का दौरा किया, जहां उच्च गुणवत्ता वाले इस्पात, खाद्य उत्पाद और अन्य औद्योगिक सामग्री का उत्पादन होता है। इस दौरान हनवा नेतृत्व के साथ गहन संवाद हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के निवेश पारिस्थितिकी तंत्र में भागीदारी की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने औपचारिक रूप से हनवा ग्रुप को उत्तर प्रदेश में विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने का आमंत्रण दिया। उन्होंने राज्य की विश्वस्तरीय अवस्थापना, निवेशक अनुकूल नीतियों तथा दक्ष, भविष्य उन्मुख कार्यबल पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हनवा को उत्तर प्रदेश के कुशल युवकों को रोजगार देने के लिए प्रोत्साहित किया।
एक्सपो में यूरोपीय संघ की उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडलकृजिसका नेतृत्व विवियन लूनेला (ईयू कोऑर्डिनेटर, बेल्जियम) ने उत्तर प्रदेश पवेलियन का भ्रमण किया। उन्होंने राज्य में सतत और अनुभव-वर्धित (एक्सपेरेंसियल) पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु रणनीतिक साझेदारियों पर रुचि दिखाई।
इन्वेस्ट यूपी द्वारा स्थापित उत्तर प्रदेश पवेलियन, वैश्विक निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कर रहा है, जो राज्य की व्यवसाय अनुकूल नीतियों, आकर्षक प्रोत्साहन योजनाओं और अवस्थापना को प्रदर्शित कर रहा है।
राज्य के इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए आलोक कुमार ने जापानी निवेशकों को संस्थागत सहायता का आश्वासन दिया और विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में निवेश सुविधा को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
NAGARIK SATTA