-
पत्रकारों के ज्वलंत मुद्दों पर हुई चर्चा
चंडीगढ़। भारतीय पत्रकार संघ (आइजेयू) की राष्ट्रीय अधिशासी परिषद की बैठक चंडीगढ़ स्थित महात्मा गांधी लोक प्रशासन संस्थान में संपन्न हुई। सत्र का उद्घाटन पंजाब के वित्त एवं योजना मंत्री हरपाल सिंह चीमा एवं चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बाबला ने किया। इस अवसर पर भारत भर से आए सभी प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
उत्तर प्रदेश से आइजेयू के राष्ट्रीय सचिव डॉ शैलेश कुमार पांडेय एवं प्रदेश सचिव आर डी वाजपेई ने भाग लिया। 2 दिन तक चली इस बैठक में पत्रकारों से संबंधित अनेक ज्वलंत मुद्दे पर संगठन के प्रतिनिधियों ने चर्चा की।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार पत्रकारों के वेलफेयर की अनेक योजनाओं पर कार्य कर रही है। श्री चीमा ने कहा कि पत्रकार समाज का कार्य करते हैं इसलिए समाज को पत्रकारों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर ने कहा कि पत्रकारों को अनेक विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। फिर भी वह अपने कार्य के प्रति सजग रहते हैं।
द्वितीय सत्र में आइजेयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष गीतार्थ पाठक की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें पत्रकारों से संबंधित अनेक मुद्दों पर चर्चा की गई। सभी प्रदेशों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने राज्यों की स्थिति को सबके समक्ष रखा और उन पर गंभीर चर्चा भी की गई।
राष्ट्रीय महासचिव सबीना इंद्रजीत ने कहा कि आज जरूरत है कि सभी पत्रकारों में सांगठनिक एकता हो तथा जिन संगठनों में विभाजन मतभेद के चलते हुआ है उन्हें मतभेद दूर करके एक मंच पर आना चाहिए। सम्मेलन में द्वितीय दिवस को भी पत्रकारों की समस्याओं और उनके वेलफेयर पर चर्चा करते हुए अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखें।
चर्चा के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक की समस्याओं पर चर्चा की गई और सरकार से मांग की गई कि पत्रकारों को पेंशन और सुरक्षा संबंधी समस्त संसाधन उपलब्ध कराया जाए। सम्मेलन में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकारों को अपनी विश्वसनीयता हर स्थिति में बरकरार रखनी चाहिए ।
कार्यक्रम का आयोजन चंडीगढ़ पंजाब यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स ने किया था। सीपीयूजे के अध्यक्ष विनोद कोहली ने संघ के प्रयासों और हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित यूनेस्को कार्यशाला में इसकी भागीदारी पर प्रकाश डाला। प्राचीन कला केंद्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाओ ने कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिए ।समारोह का समापन देश भर से आए पत्रकारों के सम्मान के साथ हुआ जिसमें सीपीयूजे के 25 साल की यात्रा और सार्वजनिक सेवा के प्रति पत्रकारों की निरंतर प्रतिबद्धता का जश्न मनाया गया।
NAGARIK SATTA
